बिल्सी।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमर्रा भोजपुर में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी विनोद कुमार शाक्य (23 वर्ष) पुत्र शावनती शाक्य को दो दिन से बुखार था। इलाज के लिए वह गांव बांस बरौलिया में एक झोलाछाप डॉक्टर के पास गया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने बुखार उतारने के लिए इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद विनोद की हालत और बिगड़ गई।
परिजन तुरंत उसे बिल्सी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


























