बिल्सी। नगर के मोहल्ला नंबर एक निवासी इलेक्ट्रिकल व्यापारी चेतन प्रकाश वार्ष्णेय के मेधावी पुत्र शिवम वार्ष्णेय ने नगर का नाम रोशन कर दिया है। शिवम को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) धनबाद से M.Tech (कंप्यूटर साइंस) में गोल्ड मेडल हासिल करने पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें शुक्रवार को झारखंड स्थित IIT धनबाद में आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। इस भव्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

शिवम वार्ष्णेय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे नगर में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनके पिता चेतन प्रकाश वार्ष्णेय ने बताया कि,

“शिवम की प्रारंभिक शिक्षा नगर के प्रतिष्ठित भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज से हुई। इसके बाद उसने बिलासपुर (झारखंड) से बीटेक किया और फिर IIT धनबाद से M.Tech में टॉप कर गोल्ड मेडल हासिल किया।”

शिवम का चयन हाल ही में भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) गाजियाबाद में वैज्ञानिक के रूप में हुआ है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया, जो नगर के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

नगरवासियों, शिक्षकों, और शुभचिंतकों ने शिवम को उनकी इस सफलता पर बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।शिवम की सफलता साबित करती है कि छोटे नगरों के छात्र भी बड़ी उपलब्धियों का सपना देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here