गौशालाओं पर करोड़ों खर्च, फिर भी बेसहारा सड़कों पर – जिम्मेदार कौन?
बदायूं।थाना उसावां क्षेत्र में देर रात मिट्टी से भरे एक डम्पर ने सड़क पर बैठी गाय को बेरहमी से कुचल दिया। गाय डम्पर के नीचे फंस गई और कई किलोमीटर तक घसीटी जाती रही। स्थानीय लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका। लगातार घसीटे जाने से गाय का शरीर क्षत-विक्षत हो गया, जिससे घटनास्थल पर आक्रोश फैल गया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पीछा कर डम्पर को थाने के सामने रोका और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में संगठन ने कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए थाना पुलिस को तहरीर सौंपी।
सरकार और प्रशासन पर सवाल
प्रदेश सरकार बार-बार अवैध खनन पर रोक लगाने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल अलग हैं। खनन माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और पुलिस की नाक तले ऐसे वाहन बिना रोक-टोक चल रहे हैं। यह घटना केवल खनन माफियाओं की लापरवाही ही नहीं, बल्कि प्रशासन की उदासीनता को भी उजागर करती है।
इसके अलावा, करोड़ों रुपये गौशालाओं पर खर्च होने के बावजूद बेसहारा गायें अभी भी सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं। यह सवाल उठता है कि इन योजनाओं का लाभ आखिर जा कहां रहा है और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?


























