बिल्सी (बदायूं) नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी लव कुमार वार्ष्णेय ‘एलआईसी वाले’ की पत्नी छाया रानी वार्ष्णेय (45) का मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। वे अपने चचेरे बहनोई एवं अन्य रिश्तेदारों के साथ मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में प्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा के सत्संग में भाग लेने जा रही थीं।

घटना की जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे, जब छाया रानी वार्ष्णेय सहित छह लोग अर्टिगा कार से शिवपुरी पार कर सीहोर की ओर जा रहे थे, तभी कोलारस थाना क्षेत्र में शिवपुरी से 25 किलोमीटर आगे उनकी कार को विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो गाड़ी ने भीषण टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। छाया रानी के सिर में गहरी चोट आने से हालत नाजुक हो गई। स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल शिवपुरी जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सर में टांके लगाए गए, लेकिन पल्स रेट लगातार गिरने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

दुर्भाग्यवश, ग्वालियर पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। शाम तक शव के बिल्सी पहुंचने की संभावना है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और घर पर कोहराम मचा हुआ है।

हादसे में घायल अन्य लोग:

  • सोनू
  • जीतू
  • उमा रानी
  • कान्हा
  • ओम
    ये सभी अर्टिगा कार में सवार थे और फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद शव के साथ ही वापस लौट रहे हैं।

रात 12:30 बजे मिली हादसे की सूचना…….

रात 12:30 बजे के आसपास बिल्सी घटना की जानकारी छाया रानी के पति को मिली जिसके बाद रात करीब 2 बजे, छाया रानी के पति लव कुमार वार्ष्णेय अपने मित्र भुवनेश वार्ष्णेय और रिश्तेदारों के साथ ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। भोर होते ही घटना की खबर बिल्सी में आग की तरह फैल गई जिसके बाद मृतक के घर पर लोगों का ताँता लगा हुआ है नगर में शोक की लहर दौड़ गई है,

पुलिस कार्रवाई:

कोलारस पुलिस ने सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच कर घायलों को शिवपुरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया ।वहीं बोलेरो और आर्टिगा को कब्जे मे ले लिया है दुर्घटना की जांच जारी है।

नगरवासियों की प्रतिक्रिया:
छाया रानी वार्ष्णेय के असामयिक निधन पर बिल्सी नगर में शोक की लहर है। लोग उनके सरल, मिलनसार स्वभाव और धार्मिक आस्था की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

स्वदेश केसरी परिवार भी ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here