




बदायूं। भारत विकास परिषद गौरीशंकर शाखा ने विकास क्षेत्र जगत के उच्च प्राथमिक विद्यालय उनौला में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती व भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हुआ।
विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद शिक्षा, खेल, अनुशासन, नियमित उपस्थिति और पर्यावरण प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
शाखा अध्यक्ष वीरेश वार्ष्णेय ने परिषद की योजनाओं जैसे “भारत को जानो”, “समूह गान” और खेल प्रतियोगिताओं के बारे में जानकारी दी। प्रांतीय संयोजक अजय सक्सेना ने कहा कि परिषद का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाना है।
जिला संयोजक आयुष भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष अब तक 11 विद्यालयों में यह कार्यक्रम हो चुका है, जिसमें 500 मेधावी छात्रों और 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। आने वाले दिनों में 15 से 20 और विद्यालयों में भी यह आयोजन होगा।
कार्यक्रम में आर.के. उपाध्याय, डी.के. गुप्ता, सपना भारद्वाज, वीना शर्मा, गुंजन, रचना मिश्रा, अमिता सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























