






बदायूं। श्रीगणेश की आराधना में पूरा शहर भक्तिमय हो गया है। गणेश महोत्सव के अवसर पर घर-घर में प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जगह-जगह भक्ति गीत, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज सुनाई दे रही है।
श्रीगणेश सेवा मंडल की ओर से विघ्नहरण की मुख्य शोभायात्रा ब्राह्मण धर्मशाला से बड़े धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सजीव झांकियां, बैंडबाजों की धुन और डीजे पर नृत्य करते श्रद्धालुओं ने उत्सव को भव्य रूप दिया। महिला मंडल की पदाधिकारियों ने भजनों के माध्यम से श्रीगणेश की लीलाओं का गुणगान किया।
शाम को श्रीगणेश पुराण कथा का आयोजन होगा। श्रीधाम वृंदावन से आईं कथावाचक राध्या भारद्वाज श्रद्धालुओं को गणेश पुराण की दिव्य कथा सुनाएंगी। हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
भरत मिलाप गली की शोभायात्रा रही आकर्षण का केंद्र
भरत मिलाप गली के राजा के नाम से प्रसिद्ध गणेश जी की शोभायात्रा भी बड़ी धूमधाम से निकली। इसमें समिति के पदाधिकारी, परिजन व बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रमुख श्रद्धालुओं में प्रदीप भारद्वाज, रवि वर्मा, निशांत वैश्य, राजेश, सागर भारद्वाज, मनी भारद्वाज, कृष्णा, नमन, हर्ष, मनोज, पवन, राम सक्सेना, शरद, वंश, विजय सहित भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
सप्ताह भर चलेगा धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का क्रम
- 27 अगस्त (बुधवार) – प्रतिमा स्थापना, रात्रि 8:30 बजे बाल कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति (राधा रसिक बिहारी मंडल)
- 28 अगस्त (गुरुवार) – रात्रि 8:30 बजे छप्पन भोग
- 29 अगस्त (शुक्रवार) – रात्रि 8:00 बजे सुंदरकांड एवं श्री बालाजी जागरण (अर्पित एंड पार्टी)
- 30 अगस्त (शनिवार) – रात्रि 8:30 बजे भजन संध्या (नव चंडी प्रचण्ड मंडल इंशान पंडित)
- 31 अगस्त (रविवार) – रात्रि 8:30 बजे सत्यनारायण भगवान की कथा एवं कन्या पूजन
- 1 सितम्बर (सोमवार) – प्रातः 8:00 बजे विशेष श्री गणेश पूजन, 11:00 बजे से विशाल भण्डारा
- 2 सितम्बर (मंगलवार) – प्रातः 10:00 बजे श्री गणेश विसर्जन यात्रा
प्रत्येक दिन प्रातः 8:30 बजे एवं रात्रि 8:00 बजे आरती होगी।
शहरभर में उत्सव का रंग
मोहल्ला शहबाजपुर, कूंचा पांडा, पटियाली सराय, चौबे मोहल्ला, श्रीरामनगर कालोनी, विजय नगर, मीराजी चौकी, ब्राह्मपुर और लोचीनगला समेत कई इलाकों में गणेश उत्सव का आयोजन हो रहा है। लोग घर-घर में भी श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना कर रहे हैं।


























