
बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व निरीक्षकों को दिए जाने वाले स्टेशनरी भत्ते में वृद्धि किए जाने पर जनपद बदायूं के राजस्व निरीक्षक संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है। बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर संघ के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह और जिला मंत्री प्रदीप कुमार सक्सेना के नेतृत्व में एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि पहले राजस्व निरीक्षकों को स्टेशनरी खर्च के लिए मात्र 6 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे, जबकि उन्हें आईजीआरएस प्रिंट निकालने, विभिन्न धाराओं के अंतर्गत नोटिस भेजने, समाधान दिवस, जनशिकायतें, नजरी नक्शा, डाक वहन और फोटोकॉपी आदि कार्यों में प्रतिमाह अपने निजी वेतन से बड़ी धनराशि व्यय करनी पड़ती थी।
राजस्व निरीक्षक संघ की लंबे समय से यह मांग रही थी कि स्टेशनरी भत्ते को यथोचित बढ़ाया जाए। इस मांग को सरकार ने गंभीरता से लेते हुए 6 रुपये के स्थान पर अब 500 रुपये प्रतिमाह स्टेशनरी भत्ता स्वीकृत किया है।
संघ ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार का यह कदम न केवल आर्थिक रूप से सहायक है, बल्कि राजस्व कर्मियों के कार्यप्रदर्शन को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा।
संघ ने अपने ज्ञापन में कहा कि राजस्व निरीक्षक प्रदेश में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यह सहयोग सरकार के साथ समन्वय को और सशक्त करेगा।


























