बिल्सी। नगर पालिका प्रशासन ने वार्ड नंबर 13 के निवासियों को बड़ी सौगात देते हुए नलकूप संख्या-1 के पास स्थित प्रस्तावित भूखंड पर पार्क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। यह पहल कॉलोनीवासियों की लंबे समय से की जा रही मांग को देखते हुए शुरू की गई है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
करीब 100 वर्गगज क्षेत्र में बन रहे इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। बच्चों और बुजुर्गो के लिए बैठने की सुविधा, पथवे और हरियाली इस पार्क की खूबसूरती को और बढ़ाएंगे। पालिका प्रशासन का यह प्रयास कॉलोनी में न सिर्फ सौंदर्य बढ़ाएगा, बल्कि लोगों के लिए स्वास्थ्यवर्धक और मनोरंजक स्थल भी उपलब्ध कराएगा।
गौरतलब है कि छह माह पूर्व कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र की सड़क, नाली और इस भूखंड पर पार्क या शॉपिंग सेंटर के निर्माण को लेकर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए पालिका अध्यक्ष ज्ञान देवी सागर ने प्रस्तावित भूखंड पर पार्क निर्माण का बजट पास कराया और कार्य को अमलीजामा पहनाया।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि यह केवल शुरुआत है। जल्द ही कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य भी शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की दशा और दिशा दोनों में सुधार होगा।
नगर पालिका के इस कदम की कॉलोनीवासियों ने खुले दिल से सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह के विकास कार्य आगे भी लगातार होते रहेंगे।


























