बदायूं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ब्रज प्रांत के प्रांतीय अधिवेशन में बदायूं जनपद को नई संगठनात्मक संरचना मिली है। हाल ही में मैनपुरी की तपोभूमि पर संपन्न चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग में विभिन्न जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें बदायूं जनपद से नमन गुप्ता को जिला संयोजक, जबकि आशीष देव मिश्रा और राजीव सिंह को जिला सह-संयोजक नियुक्त किया गया।

चार दिवसीय अभ्यास वर्ग में हुआ पदाधिकारियों का चयन

ब्रज प्रांत के इस अभ्यास वर्ग में संगठन को मजबूत बनाने, छात्र हितों की रक्षा तथा शिक्षा व सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। सत्रों के माध्यम से संगठन का इतिहास, कार्यपद्धति, परिसर गतिविधियां, सदस्यता अभियान और इकाई गठन जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई।

नवनियुक्त जिला संयोजक नमन गुप्ता ने कहा कि, “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जिले में विद्यार्थी परिषद के कार्यों को और अधिक विस्तार देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।”

वहीं आशीष देव मिश्रा ने कहा कि, “हमारा लक्ष्य न केवल शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है, बल्कि समाज के प्रति जागरूकता और छात्र हित के मुद्दों पर निरंतर संवाद और संघर्ष भी रहेगा।”

राजीव सिंह ने कहा कि “जनपद के सभी महाविद्यालयों में छात्र समस्याओं को प्राथमिकता पर रखते हुए संगठन की विचारधारा के अनुरूप समाधान के लिए काम करेंगे।”

लेखन क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित हुए आशीष देव मिश्रा

जनपद बदायूं के युवा लेखक, समाजसेवी व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष देव मिश्रा को उनकी लेखनी की उत्कृष्टता के लिए प्रांत अभ्यास वर्ग में सम्मानित किया गया।

आशीष को प्रेस विज्ञप्ति लेखन, संगठनात्मक डायरी लेखन और लेखन अनुशासन के लिए विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सौरभ सेंगर और प्रदेश मंत्री अंकित पटेल द्वारा डायरी, पेन व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

आपको बता दें कि आशीष देव मिश्रा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक हैं। विद्यार्थी जीवन से ही वे लेखन, सामाजिक चेतना और छात्रहित अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

बदायूं में संगठन को मिलेगी नई दिशा

नए दायित्वों की घोषणा के साथ ही बदायूं में विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों को और अधिक सशक्त करने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है। युवाओं में संगठनात्मक चेतना, सामाजिक सरोकार और शैक्षणिक मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने के लिए नए नेतृत्व से व्यापक उम्मीदें जुड़ गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here