


बदायूं। सावन माह की शुरुआत के साथ ही पूरा बदायूं शिवभक्ति में रंग गया है। सावन के पहले सोमवार को शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अलसुबह से ही कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। शहर के प्रमुख शिवालयों में दिनभर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सोमवार सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु मंदिरों की ओर निकलने लगे। हर गली, हर मार्ग पर कांवड़िए ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ चलते नजर आए। गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर आए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में प्रवेश करते ही घंटे-घड़ियाल और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, पुष्प, भांग, धतूरा और फल अर्पित किए। महिला श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रमुख मंदिरों में रहा श्रद्धालुओं का सैलाब
बदायूं के बिरुआवाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर, सहस्त्रधाम गौरीशंकर देवालय, सिद्धपीठ सर्वेश्वर श्री साईं मंदिर, नगला शक्तिपीठ, सहित शहर के लगभग सभी मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों के बाहर मेला जैसा माहौल रहा, जहां भंडारे, प्रसाद वितरण और धार्मिक झांकियों का आयोजन किया गया।
शाम को होगा महादेव का भव्य श्रृंगार
शाम को बिरुआवाड़ी मंदिर, हरप्रसाद,गौरी शंकर मंदिर, बिल्सी के कुटी मंदिर, शिवशक्ति मंदिर में भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से सजाया गया है और यहां धार्मिक भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसरों में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन भी किया गया।
शिवभक्ति में डूबा बदायूं
सावन के पहले सोमवार को बदायूं पूरी तरह शिवमय नजर आया। हर तरफ भक्ति, श्रद्धा और आस्था की छटा बिखरी हुई थी। मंदिरों में बजते भजन, डमरू की थाप और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया।


























