फैजगंज बेहटा (बदायूं) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 77वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगर इकाई फैजगंज बेहटा द्वारा गुरुवार को रामवती देवी इंटर कॉलेज में एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता अभाविप ब्रज प्रांत के SFS प्रमुख डॉ. राजीव यादव ने कहा कि —
“अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन है जो ‘ज्ञान, शील, एकता’ के मूलमंत्र के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। छात्रशक्ति ही राष्ट्रशक्ति है, इस विश्वास के साथ अभाविप युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने का कार्य कर रही है।”
कार्यक्रम संयोजक व जिला संयोजक नमन गुप्ता ने स्थापना दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरी शंकर इंटर कॉलेज के प्रबंधक विकास चौहान ने की। उन्होंने कहा कि आज देश को चरित्रवान, जागरूक और राष्ट्रभक्त युवाओं की आवश्यकता है और अभाविप इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
इस संगोष्ठी में अभिषेक, यश, शिवांशु समेत नगर इकाई के सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


























