बिल्सी (बदायूं) नगर के गांधी पार्क के समीप मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत प्रस्तावित बारात घर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कल 25 जून बुधवार को दोपहर 11:30 बजे बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक श्री हरीश शाक्य होंगे, जो विधिवत पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे।
नगर पालिका परिषद बिल्सी के अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से प्राप्त स्वीकृति के तहत सीएनडीएस (उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय) को इस बारात घर के निर्माण हेतु ₹1.09 करोड़ (एक करोड़ नौ लाख रुपये) की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संबंधित संस्था को सौंपी जा चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इस बहुप्रतीक्षित परियोजना से नगरवासियों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान प्राप्त होगा, जिससे नगर की सार्वजनिक संरचना और भी सुदृढ़ होगी। स्थानीय लोगों में भी इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
नगर पालिका परिषद की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।


























