

बिल्सी। नगर के प्रतिष्ठित बाबा इंटरनेशनल स्कूल में दिनांक 26 मई 2025 को चल रहे भारतीय भाषा समर कैंप के अंतर्गत एक विशेष आयोजन में बच्चों ने पारंपरिक व्यंजन बनाकर न केवल अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया बल्कि भारतीय संस्कृति से भी जुड़ाव महसूस किया।
इस अवसर पर बच्चों ने अपने अध्यापकों के मार्गदर्शन में वड़ा पाव, पोहा, पूरी-सब्ज़ी, उड़द-राजमा, जीरा आलू और जीरा राइस जैसे विविध व्यंजन बनाए। आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं ने साफ-सफाई, टीम वर्क और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए स्वयं व्यंजन तैयार किए। बच्चों ने दस्ताने, एप्रन और कैप पहनकर स्वच्छता के सभी मापदंडों का पालन किया, जिससे उनका स्वास्थ्य के प्रति जागरूक दृष्टिकोण भी सामने आया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, “आज के आयोजन में बच्चों ने रचनात्मकता और स्वच्छता के प्रति जो जागरूकता दिखाई है, वह सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।” उन्होंने आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की बात कही।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि, “इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के बारे में जानकारी देना और उन्हें संस्कृति से जोड़ना था। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे न केवल पढ़ाई में आगे हों, बल्कि अपने मूल्यों और परंपराओं को भी समझें।”
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षकीय एवं सहयोगी स्टाफ मौजूद रहा। बच्चों के उत्साह और उमंग से भरपूर इस आयोजन ने समर कैंप को एक नई ऊँचाई प्रदान की


























