


बदायूं। विकास खण्ड सालारपुर में शनिवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में उस समय नाराजगी का माहौल पैदा हो गया जब बाल विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। बाल विकास परियोजना अधिकारी की अनुपस्थिति और विभागीय लापरवाही को लेकर न केवल सदस्यों ने रोष प्रकट किया, बल्कि सदन ने सर्वसम्मति से उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित कर उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने की मांग भी की।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विचित्रा देवी ने की, जबकि सदन में विधायक श्री महेश चन्द्र गुप्ता भी मौजूद रहे। बैठक में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ड्राई राशन वितरण में अनियमितता को लेकर कई सदस्यों ने गंभीर शिकायतें कीं। जानकारी के लिए जब विभाग की ओर से तैनात अधिकारी की मौजूदगी मांगी गई, तो बाल विकास परियोजना अधिकारी बैठक से अनुपस्थित पाए गए, जबकि केवल उनकी सुपरवाइजर मौजूद थीं, जो किसी भी प्रश्न का उत्तर देने में असमर्थ रहीं।
इस स्थिति को देखते हुए विधायक महेश चन्द्र गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख विचित्रा देवी ने इसे घोर लापरवाही करार दिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने बाल विकास परियोजना अधिकारी की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज़ जताया और सदन ने सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। साथ ही उच्चाधिकारियों से इस पर शीघ्र कार्यवाही की मांग की गई।
विकास कार्यों के लिए 4.35 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित
हालांकि बैठक में विकास से जुड़े विषयों पर भी अहम निर्णय लिए गए। विभिन्न क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के आधार पर ₹4.35 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने सदन को आश्वस्त किया कि “धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, आप निडर होकर जनहित के प्रस्ताव प्रस्तुत करें।”
पशु चिकित्साधिकारी ने गौवंश संरक्षण व टीकाकरण, डीसीपीएम निर्विकार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं, सहायक विकास अधिकारी दीपमाला ने महिला सशक्तिकरण, और पंचायत अधिकारी शिवकुमार ने ऑनलाइन प्रमाणपत्र सेवाओं के विषय में जानकारी दी। मनरेगा का श्रम बजट पढ़कर सुनाया गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
उपस्थित गणमान्य व संचालन
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधान शंहशाह, डॉ. निरंजनपाल, राजेशपाल, धीर सिंह, जमशेद, गिरीशपाल सिंह, वीर सिंह समेत कई पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन शिवकुमार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) द्वारा किया गया। अंत में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विचित्रा देवी ने सभी का आभार व्यक्त किया


























