होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं में गुरु श्री अर्जन देव के शहीदी पर्व पर श्रद्धा और...

बदायूं में गुरु श्री अर्जन देव के शहीदी पर्व पर श्रद्धा और भक्ति से आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

बदायूं। पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा में शुक्रवार को पांचवे पातशाह गुरु अर्जन देव के शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया।

सुबह 7:30 बजे से हजूरी रागी जत्था भाई परमजीत सिंह व प्रभजोत सिंह द्वारा आसा दी वार का संगीतमय कीर्तन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत रजनी अनेजा व प्रणय अनेजा की ओर से रखवाए गए श्री अखंड पाठ का समापन हुआ।

शहीदी पर्व के दौरान गुरुद्वारा साहब के महासचिव गुरदीप सिंह ने गुरु अर्जन देव के बलिदान की गाथा विस्तार से संगत को सुनाई और बताया कि किस प्रकार उन्हें धर्म की रक्षा के लिए शहीद होना पड़ा।

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया और राहगीरों के लिए मीठी शरबत की छबील भी लगाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

शाम के समय स्त्री सत्संग सभा की ओर से सुखमनी साहिब का पाठ एवं गुरबाणी कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहब की संगत के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद महिला प्रकोष्ठ एवं हनुमान मंदिर महिला प्रकोष्ठ की महिलाओं ने भी भाग लेकर कीर्तन गायन किया।

स्त्री सत्संग सभा की ओर से हेमा अरोड़ा और संगीता अनेजा को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। समापन पर सभी संगत ने राजमा-चावल के लंगर और लस्सी का प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम के अंत में स्त्री सत्संग सभा की ओर से उपस्थित समस्त संगत के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here