बदायूं: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) वीरेंद्र कुमार सिंह से भेंट की। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की गई।
होली और रमजान पर अवकाश की मांग
संजीव शर्मा ने 15 मार्च को होली के अवसर पर अवकाश घोषित करने की मांग की, साथ ही रमजान के पवित्र महीने के अंतिम शुक्रवार 28 मार्च को भी अवकाश दिए जाने का आग्रह किया।
शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा
संघ के प्रतिनिधियों ने शिक्षकों की अन्य समस्याओं के बारे में भी बीएसए को अवगत कराया। इस पर बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि अवकाश के संदर्भ में पत्रावली मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी, साथ ही शिक्षकों की अन्य मांगों के समाधान के लिए भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, अरविंद दीक्षित, हरीश यादव, राजेश कुमार, मोहम्मद अराफात खान, उजैर अहमद, मुकेश कुमार, अरुण सक्सेना सहित कई शिक्षक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।


























