होम राज्य उत्तर प्रदेश सहसवान में ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे...

सहसवान में ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के कटरा शाहबाजपुर में बीती रात अज्ञात चोर ढाई सौ केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर उखाड़कर ले गए, जिससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। खास बात यह है कि जहां से ट्रांसफार्मर चोरी हुआ, वहां से शाहबाजपुर पुलिस चौकी की दूरी महज 500 मीटर है। इस वारदात ने बिजली विभाग और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुबह चोरी की खबर से हड़कंप

सुबह जब स्थानीय लोगों को ट्रांसफार्मर चोरी होने की खबर लगी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे क्षेत्रवासी परेशान रहे।

बिजली विभाग ने दी पुलिस को तहरीर

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी अश्विनी ऋषि एवं अवर अभियंता रजनीश चंद्र ने मामले की शिकायत कोतवाली सहसवान में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग परेशान

गौरतलब है कि सहसवान क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस तरह की वारदातों से स्थानीय निवासियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ता है, वहीं बिजली विभाग को भी लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है।

प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here