बदायूं शहर के पुरानी चुंगी, बरेली रोड, टिकटगंज स्थित ऐतिहासिक दुर्गा माता मंदिर (मठिया) के पास देशी शराब की दुकान खोले जाने की सूचना पर श्रद्धालुओं में रोष बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल इस दुकान को हटाने की मांग की है।
100 वर्षों से आस्था का केंद्र है दुर्गा माता मंदिर
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने पत्र में लिखा है कि यह मंदिर करीब 100 वर्षों से आस्था का केंद्र है, जहां हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। खासतौर पर नवरात्रि के दौरान यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में मंदिर से सिर्फ 15-20 कदम की दूरी पर शराब की दुकान संचालित होने से धार्मिक माहौल प्रभावित होगा।
1 अप्रैल से संचालित होनी थी दुकान
बताया गया कि शराब दुकान के अनुज्ञापी देवी सिंह की शॉप आईडी 13060 है, जिसे 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक संचालित करने की अनुमति दी गई है। दुकान खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, और इसके लिए बैनर भी लगाया जा चुका है।
श्रद्धालुओं ने भी किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी
इससे पहले मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालु भी दुकान हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी से शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द ही कार्रवाई नहीं करता, तो श्रद्धालु जनहित याचिका दायर करने के साथ व्यापक स्तर पर आंदोलन भी कर सकते हैं।
जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग
भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि मंदिर की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए इस दुकान को हटाने का आदेश दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।


























