



बिल्सी। बसंत पंचमी के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें स्वचालित झांकियां, बैंड-बाजे और आकर्षक काली अखाड़ा मुख्य आकर्षण केंद्र रहे। यह शोभायात्रा बिजली घर रोड स्थित नवदुर्गा मंदिर से आज दोपहर 2:00 बजे शुरू हुई और नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए देर शाम मंदिर परिसर पर पहुंचकर विसर्जित हुई।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा मुख्य बाजार,अटल चौक, लोहा बाजार, बालाजी तिराहा, , उझानी स्टैंड, खेरी मार्ग, जैन मार्केट, थाना मोड़, साहबगंज सहित प्रमुख मार्गों से गुजरी। प्रेम मंदिर वृंदावन की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया, वहीं दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
झांकियों, बैंड-बाजों और काली अखाड़े ने मोहा मन
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, हनुमानजी, दुर्गा मां समेत विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। बैंड-बाजों की मधुर धुन और जयकारों से नगर भक्तिमय हो गया। काली अखाड़े के कलाकारों ने अद्भुत करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया।
नवदुर्गा मंडल ने निभाई अहम भूमिका
शोभायात्रा को सफल बनाने में नवदुर्गा मंडल के सदस्य पवन गुप्ता, हरिराम शाक्य, आलोक कुमार (साइकिल वाले), शुभम शर्मा, शिवम गुप्ता, अजय कुमार (लाइनमैन), बनवारी लाल शर्मा, हरपाल सिंह, सभासद पप्पू, लाइनमैन ऋषभ सोमानी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
महिलाओं ने गाए मंगलगीत, प्रशासन रहा सतर्क
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने मंगलगीत गाकर भक्तिमय माहौल बना दिया। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश सिंह, कस्बा इंचार्ज अशोक कुमार, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह तोमर सहित पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद रहा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ नगर
पूरे नगर में बसंत पंचमी का उल्लास देखने लायक था। भक्तों ने श्रद्धा के साथ मां सरस्वती की आराधना की और शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। देर शाम नवदुर्गा मंदिर परिसर में शोभायात्रा का समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।


























