
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 13 फरवरी 2025 को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6, 7 व 8 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रदर्शनी में छात्रों ने विभिन्न विज्ञान परियोजनाओं पर कार्य कर अपने मॉडलों का प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय व प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में छात्रों ने रक्त जांच, किडनी संरचना, इलेक्ट्रिक वेल, थ्रीडी होलोग्राफी, घरेलू बिजली के उपकरण, सौर मंडल सिस्टम, ट्रैफिक सिग्नल, एयर कूलर, हृदय संरचना, नेत्र संरचना, झरना, दिन-रात की प्रक्रिया, ज्वालामुखी आदि के मॉडलों का प्रदर्शन किया।
छात्रों की प्रतिभा को सराहा गया
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यवहारिक शिक्षा और नवाचार के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जो छात्रों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को विज्ञान के सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझने में मदद मिलती है।
विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि जागृत करना है, ताकि वे इसे एक रोचक विषय के रूप में अपनाएं और तनाव महसूस न करें।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


























