
बदायूं। जिलेभर में शासन की मंशानुरूप फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तीव्र गति से संपन्न कराया जा रहा है। जिला प्रशासन और उपजिलाधिकारी इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच,ग्राम पंचायत सचिव इस अतिरिक्त कार्य को करने से मना कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
मंगलवार को सचिव संघ के पदाधिकारियों ने रवि वर्मा के नेतृत्व में ADPRO ग्रीश यादव को जिलाधिकारी के नाम संबोधित एक मांगपत्र सौंपा। इसमें सचिवों ने अपनी व्यस्तताओं का हवाला देते हुए कहा कि वे पहले से ही सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को तन्मयता से निपटाते आ रहे हैं और अब उन पर अतिरिक्त कार्यभार डाला जा रहा है।
सचिवों ने फार्मर रजिस्ट्री के लिए रात्रि ड्यूटी करने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि इस कार्य के लिए उनके पास समय नहीं है और यह पूर्णतः गैरविभागीय कार्य है, जिसे उन पर थोपा जा रहा है। सचिवों ने स्पष्ट किया कि वे इस कार्य को स्वीकार नहीं करेंगे।
ज्ञापन के माध्यम से सचिव संघ ने मांग की है कि उनकी ड्यूटी फार्मर रजिस्ट्री में न लगाई जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी नियमित जिम्मेदारियों के अलावा किसी अन्य विभागीय कार्य में उलझाना उचित नहीं है। सचिवों का कहना है कि प्रशासन को उनकी समस्याओं को समझते हुए निर्णय लेना चाहिए।
इस अवसर पर रीना पाठक , अवधेश शाक्य, विशाल पटेल, नदीम अंसारी, नवीन शर्मा, रामौतार पाल समेत कई अन्य सचिव मौजूद रहे। उन्होंने एकजुट होकर अपनी बात प्रशासन के सामने रखी और कहा कि प्रशासन को उनके काम के दायरे को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाने चाहिए।


























