बिल्सी। तहसील बिसौली क्षेत्र के ग्राम सरह बरोलिया स्थित सिद्ध बाबा धाम परिसर में 22 जनवरी से श्री राम कथा की अमृत वर्षा और श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन से पूर्व पीले वस्त्र धारी महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बनाएगी।
श्री राम कथा का वाचन वृंदावन से पधार रहे आचार्य सोमदत्त जी महाराज द्वारा किया जाएगा। उनके मुखारविंद से राम कथा की अमृत वर्षा सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। यह कथा 22 जनवरी से शुरू होकर 29 जनवरी को संपन्न होगी।
सिद्ध बाबा धाम परिसर में इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। गांव के लोग और मंदिर समिति के सदस्य मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। महायज्ञ और कथा के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिकता और आस्था का संचार होगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में भाग लेने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।


























