बिल्सी के मोहल्ला नंबर एक टीचर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अभिषेक कुमार, पुत्र दयाराम सिंह, जो दिल्ली के मुखर्जी नगर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, की कौशांबी डिपो पर तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। अभिषेक अपने गृहनगर बिल्सी लौट रहा था।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही वह कौशांबी डिपो पर टेंपो से उतरा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कौशांबी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिवार को सूचना दी।
परिजन जब अभिषेक का शव लेकर घर पहुंचे तो पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। शाम को कछला गंगा घाट पर गमगीन माहौल में उसकी अंत्येष्टि की गई। अभिषेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
परिजनों का कहना है कि गाजियाबाद पुलिस ने उन्हें सूचित किया कि अभिषेक बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था, उसी दौरान बस ड्राइवर पीछे की ओर बस बैक कर रहा था, और पीछे देखने में असमर्थ होने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिषेक टेंपो से उतरा ही था कि तेज रफ्तार बस ने उसे रौंद दिया।
परिजनों ने घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज की मांग की है ताकि असल कारणों का पता चल सके। इस दुखद घटना ने पूरे बिल्सी क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है।


























