

बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 24 जनवरी 2025 को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय और प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने “धीरे चलें, सुरक्षित चलें”, “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” और “दुर्घटना से देर भली” जैसे स्लोगन गाते हुए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक लाइटों का पालन करने की अपील की।
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने वाहन चलाते समय हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना खतरनाक हो सकता है और हमें अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि गलत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने से दुर्घटनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की तत्काल मदद करनी चाहिए। साथ ही अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की भी अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी और समस्त विद्यालय स्टाफ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


























