होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी, बिसौली, सहसवान में पान मसाला की किल्लत, जमाखोर सक्रिय, दामों में...

बिल्सी, बिसौली, सहसवान में पान मसाला की किल्लत, जमाखोर सक्रिय, दामों में भारी इजाफा

बिल्सी। शासन की पान मसाला बनाने वाली फैक्ट्रीयों पर सख्ती और राज्य कर विभाग की प्रवर्तन टीम की सक्रियता के चलते क्षेत्र में पान मसाला की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इसके चलते जमाखोर सक्रिय हो गए हैं और पान मसाले के दामों में 25 से 30 रुपये प्रति पैकेट तक की बढ़ोतरी कर दी है। तहसील बिल्सी, बिसौली, सहसवान, चंदौसी और संभल के कई इलाकों में पान मसाला के प्रमुख ब्रांड गायब हो गए हैं।

कानपुर और दिल्ली से होती थी आपूर्ति

बिल्सी समेत आसपास की तहसीलों और क्षेत्रों में 90 प्रतिशत पान मसाला कानपुर से आता है, जबकि कुछ ब्रांड दिल्ली और गाजियाबाद से भी मंगाए जाते हैं। पिछले एक सप्ताह से कानपुर से पान मसाले की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इस कारण क्षेत्र में सबसे अधिक बिकने वाले गगन पान मसाला की किल्लत हो गई है।

जमाखोरों की चांदी, चोरी-छिपे हो रही बिक्री

गगन पान मसाले की बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए जमाखोरों ने इसके दाम बढ़ा दिए हैं। सामान्य तौर पर 120 रुपये में मिलने वाला पान मसाला अब 140 से 150 रुपये तक बेचा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि स्थिति में जल्द सुधार न हुआ तो दाम और भी बढ़ सकते हैं।

शासन की सख्ती से बढ़ी परेशानी

शासन की ओर से पान मसाला बनाने वाली फैक्ट्रियों पर सघन निगरानी रखी जा रही है।

  • ई-वे बिल अनिवार्य: पान मसाले की खेप लेकर आने वाले वाहनों को बिना ई-वे बिल जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
  • प्रवर्तन टीम सक्रिय: राज्य कर विभाग की टीम जगह-जगह वाहनों की चेकिंग कर रही है।

व्यापारियों की चिंता

स्थानीय पान मसाला विक्रेताओं का कहना है कि सरकार की सख्ती से आपूर्ति बाधित हो रही है। एक व्यापारी ने कहा, “गगन पान मसाला इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिकने वाला ब्रांड है। इसकी आपूर्ति बंद होने से हमें भारी नुकसान हो रहा है। ग्राहक भी नाराज हो रहे हैं।”

ग्राहकों को हो रही दिक्कतें

पान मसाले की बढ़ती कीमत और किल्लत से ग्राहक भी परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि स्टॉक खत्म होने की कगार पर है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है।बिल्सी सहित आसपास की तहसीलों और उनके क्षेत्रों में पान मसाला की किल्लत का संकट गहराता जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here