बिल्सी। श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वाधान में बीती रात एकादशी पर्व के उपलक्ष में रामलीला रंगमंच पर भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खाटू श्याम बाबा के दरबार को अलौकिक रूप से सजाया गया, जहां भक्तों ने देर रात तक बाबा के भजनों का आनंद लिया।
गुरु वंदना से हुआ शुभारंभ
संकीर्तन की शुरुआत गुरु वंदना से हुई। इसके बाद मुरादाबाद से आए प्रसिद्ध भजन गायक अनु पगली और बदायूं की करिश्मा श्याम दीवानी ने खाटू श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके द्वारा गाए गए “सुनले मेरी विनती श्याम” और “श्याम तेरा क्या कहना” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे।
बाबा का भव्य शृंगार और भोग
संकीर्तन से पहले खाटू श्याम बाबा का अलौकिक शृंगार किया गया। बाबा के दरबार को दीपों और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरे पंडाल में भक्तिमय माहौल छा गया। बाबा को 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया और अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। यह ज्योति मंडल के गुरुजी विकास वार्ष्णेय और बब्बू भइया ने प्रज्वलित की।
देर रात तक चला भजनों का सिलसिला
संकीर्तन में उपस्थित भक्तों ने बाबा की आरती में हिस्सा लिया और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। भजनों की मधुर ध्वनि और बाबा की महिमा सुनने के लिए आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे।
सेवा मंडल का योगदान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री श्याम सेवा मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भक्तों के बैठने, प्रसाद वितरण और सुरक्षा की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।

























