बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पशु तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विशाल ठाकुर मौके पर पहुंचे और खेड़ा नवादा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जहां उन्होंने तस्करों द्वारा लोडर वाहन में पशुओं को क्रूरता से ठूंसकर ले जाने की जानकारी दी।
शिकायत दर्ज करने पर वहां तैनात कांस्टेबल अंकुर चौधरी ने उन्हें तस्करों को इलाके से बाहर पकड़वाने की सलाह दी, जिससे नाराज होकर विशाल ठाकुर ने अपने समर्थकों को बुलाकर तस्करी में संलिप्त गाड़ियों की घेराबंदी की और उन्हें नवादा पुलिस चौकी ले आए।
जब विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष ने चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी से तस्करों पर कार्रवाई की मांग की, तो चौकी इंचार्ज ने उल्टा धमकी भरे लहजे में उन्हें मिट्टी में मिलाने की बात कही। इस घटना से आक्रोशित हिंदू संगठन ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने इस मामले की शिकायत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति से की और तस्करी को बढ़ावा देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का संकल्प जताया।

























