होम राज्य उत्तर प्रदेश बिसौली की तहसील के सिसरका गाँव की बेटी ओजस्विनी बनी लेफ्टिनेंट, गांव...

बिसौली की तहसील के सिसरका गाँव की बेटी ओजस्विनी बनी लेफ्टिनेंट, गांव में जश्न का माहौल

बिसौली : बेटियां भी आज बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की सेवा में अपना योगदान दे रही हैं, और इसका बेहतरीन उदाहरण है बिसौली तहसील के फैजगंज बेंहटा क्षेत्र के ग्राम सिसर निवासी सुधीर कुमार सिंह की बेटी ओजस्विनी, जिनका चयन हाल ही में सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है। ओजस्विनी के इस शानदार चयन पर उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गाँव में हर्ष और गर्व का माहौल है।

ओजस्विनी के पिता, सुधीर कुमार सिंह, सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि ओजस्विनी बचपन से ही अपने पिता को वर्दी में देखकर सेना में भर्ती होने का सपना देखती थी। देशभक्ति और अनुशासन की भावना उनके दिल में बस गई थी, और इसी जुनून के साथ उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद सेना में भर्ती की तैयारी शुरू की। ओजस्विनी ने कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य की दिशा में कदम बढ़ाए और इस वर्ष उन्होंने सफलता का यह मुकाम हासिल कर लिया।

गांव के लोग ओजस्विनी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी बेटी ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और वह अब युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गई हैं। ओजस्विनी के इस चयन पर गाँव में मिठाइयां बांटी गईं और जश्न मनाया गया।

इस अवसर पर सुधीर कुमार सिंह ने कहा, “ओजस्विनी का सपना पूरा होते देखना मेरे लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उसने जिस तरह मेहनत और लगन से अपनी मंजिल हासिल की है, वह हमारे परिवार और समाज के लिए एक मिसाल है। मुझे विश्वास है कि वह एक आदर्श अधिकारी बनकर देश की सेवा करेगी।”

ओजस्विनी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं और अपने हौसले और मेहनत के दम पर देश के हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here