बिल्सी: दीपावली पर्व से पहले मिलावटी मिठाई के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सहायक खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम दारानगर में लगभग 30 कुंतल मिलावटी छेना मिठाई बरामद की। यह कार्रवाई एक मुखबिर की सूचना पर की गई, जिसमें बताया गया था कि सहसवान क्षेत्र के नाधा से मिलावटी मिठाई को दुकानदारों को बेचने के लिए ले जाया जा रहा है।
टीम ने बरामद मिठाई को मौके पर ही सड़क किनारे एक गड्ढे में नष्ट कर दिया, साथ ही सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। यह उल्लेखनीय है कि नाडा क्षेत्र में लंबे समय से त्योहारों पर मिलावटी छेना मिठाई का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जहां से संभल, अलीगढ़, कासगंज, बिसौली, सहसवान, और बिल्सी जैसे स्थानों पर चार पहिया वाहनों के माध्यम से रातों-रात मिलावटी मिठाई भेजी जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में कई अवैध मिठाई निर्माण की फैक्ट्रियां भी संचालित हैं, जो त्योहारों पर भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयों का उत्पादन कर रही हैं।

























