भगवान राम की भव्य बारात का नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत






बिल्सी।मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम जी की भव्य बारात आज नगर में धूमधाम से निकली। सुंदर झांकियों, माता महाकाली के अखाड़े, और बैंड बाजों से सजी इस बारात को देखने के लिए जनसमुदाय उमड़ पड़ा। बारात का नगर में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। देर शाम 6:00 बजे ब्लॉक मुख्यालय अंबियापुर परिसर से शुरू हुई बारात का शुभारंभ मेला अध्यक्ष श्री कृष्ण गुप्ता ने भगवान गणेश और श्रीराम की पूजा-अर्चना के साथ किया।
बारात में एटा से आई 50 स्वचालित झांकियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया, जिनमें प्रेम मंदिर वृंदावन, बाबा खाटू श्याम और बालाजी दरबार की झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। अलीगढ़ का प्रसिद्ध मां दुर्गा बैंड और बिल्सी का किसान बैंड अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहा था। माता काली के अखाड़े और बहजोई का डीजे भी बारात की शोभा बढ़ा रहे थे।
बारात ने मोहल्ला शाहबगंज, नगर पालिका मार्केट, मुख्य बाजार, अटल चौक, लोहा बाजार, बालाजी तिराहा, और मोहल्ला नंबर 5 होते हुए देर रात रामलीला स्थल पर जाकर विसर्जित हुई। बारात की कमान कमेटी के अध्यक्ष श्री कृष्ण गुप्ता, दीपक चौहान एडवोकेट, विवेक राठी, संजीव वार्ष्णेय, लव कुमार वार्ष्णेय, अखिल मालपानी, जितेंद्र वार्ष्णेय, विनोद पालीवाल, और हरिओम राठौर ने संभाली।
बारात के स्वागत के लिए हजारों लोग नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से एकत्रित हुए। एसडीएम बिल्सी रिपु दमन सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक बिल्सी राजेंद्र सिंह पुंडीर, और पुलिस बल शांति व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर रहे। निकटवर्ती थाना क्षेत्र से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

























