
बिल्सी, 3 सितंबर: बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आज एक कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के सुंदर और आकर्षक कोलाज तैयार किए।
प्रतियोगिता में बच्चों ने रंग-बिरंगे कागज, फूल-पत्तियों, पेंसिल के छिलकों, और रंगों का उपयोग करते हुए अपनी कला को उकेरा। इस प्रतियोगिता में खुशी यादव, प्रज्ञा पाठक, प्रिया चौधरी, और प्रशंसा शाक्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ईशिका माहेश्वरी, आराध्या आर्य, अलीशा, और अनामिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “इस तरह के आयोजन और नई-नई गतिविधियों से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है। चित्रकला के माध्यम से बच्चे अपनी सोच को चित्रों के माध्यम से व्यक्त करते हैं, जिससे उनका मानसिक विकास होता है।”
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि बच्चों को जागरूक करने और कला के प्रति रुझान पैदा करने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के अलावा बच्चों को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए, ताकि उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा का विकास हो सके।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों की कला की सराहना करते हुए कहा, “हर बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा होती है, जिसे पहचानने और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाएं उभरकर सामने आती हैं और दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है।”इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी और समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा।

























