
बिल्सी तहसील के नगर पंचायत इस्लामनगर में वाल्मीकि समाज का 12 दिन से चला आ रहा अनिश्चितकालीन धरना एवं प्रदर्शन बीती शाम एसडीएम और सीओ बिल्सी द्वारा समझाये जाने के बाद समाप्त कर दिया गया। धरना खत्म होने के बाद सभी सफाई कर्मचारी आज प्रातः 6:00 बजे से काम पर लौट आए।
एसडीएम बिल्सी रिपु दमन सिंह के निर्देश पर सभी कब्जाधारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बीती शाम, दोनों अधिकारी इस्लामनगर स्थित तिरंगा चौराहा धरना स्थल पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि दीवार तुड़वा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपने कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे पूरा कस्बा गंदगी से पटा पड़ा था। अब जब सफाई कर्मचारी फिर से काम पर लौट आए हैं, तो नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

























