





बिल्सी।रक्षाबंधन के त्योहार पर बिल्सी में खासा उत्साह देखने को मिला। दो दिन से मिठाइयों, खासकर घेवर की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुई। कई दुकानों पर आज दोपहर 12:00 बजे ही घेवर का स्टॉक खत्म हो गया। वहीं, राखी और किराने के सामान की भी जबरदस्त मांग रही। बारिश के बावजूद बाजारों में उमंग और जोश बना रहा।
बाजार में रिकॉर्ड बिक्री और उमंग:
स्वदेश केसरी के प्रभारी ने बाजार का दौरा किया और पाया कि हरिराम स्वीट्स, बंबा चौराहा स्थित सौरभ स्वीट्स, प्रशांत स्वीट्स, मालपानी स्वीट्स, चंद्रा स्वीट्स, मुकेश स्वीट्स और लल्लू हलवाई जैसी मिठाई की दुकानों पर घेवर की अभूतपूर्व बिक्री हुई। दुकान संचालकों ने इस प्रकार की बड़ी बिक्री को अभूतपूर्व बताया।
राखी बाजार में भी खासा उत्साह दिखा। राखी विक्रेता दीपक माहेश्वरी उर्फ बाबा कमल देवल, पंकज महेश्वरी और महेश पेंटर ने राखियों की जबरदस्त बिक्री होने की बात कही। किराना दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी गई, जहां रामकुमार माहेश्वरी, देवेश वार्ष्णेय, ऋषभ महेश्वरी, और कुलदीप वार्ष्णेय की दुकानों पर खूब बिक्री हुई।
पुलिस प्रशासन की सराहनीय व्यवस्था:
पुलिस प्रशासन ने भी त्योहार की भीड़ को देखते हुए सख्त और प्रभावी व्यवस्था की। बाजार में जाम से निपटने के लिए नगर के चारों ओर प्रमुख मार्गोँ पर पुलिस पिकेट्स लगाए, नगर में चार पहिया वाहन और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया।पुलिस के इस कदम से आज त्यौहार पर बाजार में जाम की समस्या नहीं हुई जिससे नगर वासियों व दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
बहनों ने किया योगी सरकार का धन्यवाद:
रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा बहनों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का बहनों ने भरपूर लाभ उठाया। इस पहल के लिए बहनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद भी व्यक्त किया। इस सुविधा ने न केवल त्योहार की खुशी को बढ़ाया बल्कि बहनों के लिए एक विशेष उपहार भी साबित हुआ।
धार्मिक महत्व और उत्सव:
रक्षाबंधन के इस पर्व का धार्मिक महत्व भी खास रहा, जहां भाई-बहन के पवित्र बंधन को और मजबूत करने के लिए हर घर में उत्सव का माहौल था। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और सरकार की बहिनों के लिए रोडबेज बसों में फ्री यात्रा की योजना ने त्योहार को और भी खुशनुमा बना दिया।

























