बिल्सी। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत उप जिलाधिकारी प्रावधान शर्मा के नेतृत्व में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत मोहल्ला साहिबगंज से हरी झंडी दिखाकर की गई।
तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार, थाना मोड़, अटल चौक, खेरी रोड होते हुए तहसील परिसर पर जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया और स्वतंत्रता दिवस व अन्य राष्ट्रीय त्योहारों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान तहसीलदार राहुल गुप्ता, थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम उमेश सिंह सहित पुलिस एवं राजस्व कर्मी भी मौजूद रहे।

























