
बदायूं। बदायूं के पंजाबी चौक स्थित श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में 78वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती रजनी अनेजा ने ध्वजारोहण किया और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से किया गया।
कक्षा UKG के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि श्रीमती रजनी अनेजा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कक्षा I और II के बच्चों ने “मेरा भारत महान” और “सुनो गौर से दुनिया वालों” पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा VIII की पावनी और लाव्यांश ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसके उपरांत, कक्षा III और V के छात्र-छात्राओं ने “रंग दे बसंती” पर नृत्य प्रस्तुत कर पंजाब की संस्कृति की झलक दिखा दी। इस अवसर पर और भी कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
अंत में, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस पवित्र अवसर पर विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती रजनी अनेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती वीना कोचर, प्रबंधक एडवोकेट श्री राजेंद्र अनेजा, उप प्रबंधक सरदार रंजीत सिंह, कोषाध्यक्ष श्री संजय मलिक, और गुरुद्वारा साहिब के उपाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कुमारी निदा खान और कुमारी परमीत कौर ने किया। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में, प्रसाद का वितरण विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती रजनी अनेजा की ओर से किया गया।

























