


इस्लामनगर: कस्बे के मोहल्ला अनारों वाली बगिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है, जबकि मायका पक्ष दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। सीओ सहसवान कर्मवीर और बिल्सी तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम नगला झील निवासी महेंद्र सिंह की 25 वर्षीय पुत्री सलोनी का विवाह तीन वर्ष पूर्व इस्लामनगर कस्बा के मोहल्ला अनारों वाली बगिया निवासी निरमेश चौधरी के पुत्र अक्षय के साथ हुआ था। इनके कोई बच्चे नहीं हैं। मायका पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करते हुए विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे और आए दिन झगड़ा करते थे। विवाहिता के पिता महेंद्र सिंह का आरोप है कि उनकी बेटी को फंदे से लटकाकर मार दिया गया।
ससुराल पक्ष का कहना है कि वे सब लोग बाजार गए हुए थे और जब वापस घर आए तो अक्षय की पत्नी पंखे से लटकी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद उच्च अधिकारियों को सूचित किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नमूने और साक्ष्य एकत्र किए।
सीओ सहसवान कर्मवीर और बिल्सी तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। देर शाम पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक ससुराल वालों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मृतक विवाहिता के पति, ससुर और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

























