होम राज्य उत्तर प्रदेश श्रावण मास में बाबा इंटरनेशनल स्कूल परिसर में किया गया रुद्राभिषेक

श्रावण मास में बाबा इंटरनेशनल स्कूल परिसर में किया गया रुद्राभिषेक

बिल्सी: आज दिनांक 05-08-2024, सोमवार को बाबा इंटरनेशनल स्कूल परिसर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। श्रावण के पवित्र माह में महादेव को प्रसन्न करने के लिए रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण महामृत्युञ्जय, रुद्राष्टक, और नमः शिवाय के मंत्रों की गूँज से शुद्ध हो गया।

आचार्य रविकांत पाठक ने बताया कि रुद्राभिषेक शब्द दो शब्दों, ‘रूद्र’ और ‘अभिषेक’, से मिलकर बना है। ‘रूद्र’ का अर्थ है दुखों को हरने वाला, जो भगवान शिव के विशेष रूप को दर्शाता है, और ‘अभिषेक’ का अर्थ है विभिन्न सामग्रियों से स्नान कराना। मान्यताओं के अनुसार, शक्कर से मिले जल से अभिषेक करने से संतान प्राप्ति, गाय के दूध से आरोग्य, गन्ने के रस से लक्ष्मी, शहद और घी से धन वृद्धि तथा भस्म से मोक्ष की प्राप्ति होती है। श्रावण मास रुद्राभिषेक के लिए सबसे उपयुक्त महीना माना गया है क्योंकि इस महीने में भगवान शिव की विशेष कृपा बनी रहती है।

स्कूल के निदेशक अनुज वार्ष्णेय ने बताया कि समस्त विद्यालय परिवार और बच्चों के स्वस्थ एवं उज्जवल भविष्य की कामना के उद्देश्य से स्कूल परिसर में भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इस प्रकार के कार्यक्रमों से ईश्वर के प्रति प्रेम और सद्भावना का संचार होता है।

इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय, चेयरपर्सन कमलेश वार्ष्णेय, विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय, प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, प्रशासक अमित माहेश्वरी, और समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here