
चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ थाना अंतर्गत कटिया के पास सड़क पर मवेशी से टकराने के बाद कार पलट गई। हादसे में कार सवार रिटायर्ड मेजर की पत्नी समेत मौत हो गई। उसके दो नाती व दामाद गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को कार से निकालकर सीएचसी लेकर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। कार सवार सभी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
मऊ के गायत्री नगर निवासी मोबाइल व्यापारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि उसके पिता सेवानिवृत्त मेजर यमुना प्रसाद (58), मां मीना देवी (55), उसका पुत्र मोहित (14), पुत्री वैष्णव देवी (10) 28 फरवरी को प्रयागराज में व्याही पुत्री मंजू देवी के देवर के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जोगिया सेरलपुर फूलपुर प्रयागराज गए थे। सोमवार को सवेरे दामाद प्रदीप कुमार अपनी कार से सभी को लेकर मऊ छोडऩे आ रहे थे। जैसे ही हाईवे के मऊ कस्बे से तीन किमी पहले कटिया के पास पहुंचे तो अचानक सामने अन्ना मवेशी के आ गई। इससे वाहन उससे टकराने के बाद असंतुलित होकर सड़क किनारे गडढे में जा गिरी। इससे कार सवार लोगों की चीख पुकार मच गई।
राहगीरों ने यह देख पुलिस सूचना दी। राहगीरों ने पुलिस की मदद से कार के शीशे तोडकर घायलों को बाहर निकाला। दो 108 एंबुलेंस पहुंची सभी को सीएचसी लाया गया। डॉक्टरों ने रिटायर्ड मेजर व उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना से परिजनों में हडकंप मच गया। मृत दंपती के दो पुत्र, एक पुत्री है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

























