विस्तार
इस बार महाशिवरात्रि आठ मार्च को मनाई जाएगी। तीन सौ वर्ष बाद महाशिवरात्रि पर अद्भुत योग बन रहा है। बरेली के ज्योतिषाचार्य कृष्ण के. शर्मा के अनुसार इस बार महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। आठ मार्च को कुंभ राशि में सूर्य, शनि, शुक्र साथ मिलकर त्रिग्रही योग बना रहे हैं, जो अद्भुत है। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए इस दिन पूजा और व्रत रखना श्रेयस्कर माना जाता है।
प्रत्येक वर्ष फाल्गुन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन शिव और शक्ति के मिलन का पर्व महाशिवरात्रि मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव और देवी पार्वती की उपासना करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का अभिषेक करने के बाद उस पवित्र जल का छिड़काव करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। इस दिन पूजा के समय पूर्व या उत्तर-पश्चिम दिशा में बेल का पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें। बेल के पेड़ के नीचे घी का दीपक जरूर जलाएं। ऐसा करने से वास्तु दोष कम होता है।