बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव नगला जाटान के एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके परिवार के लोगों ने झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत थाना पुलिस से की है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव अगोल का मजरा नगला जाटान निवासी महेंद्र उर्फ कल्लू (35) पुत्र राजपाल की तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। जिसके बाद परिवार के लोगों ने उसका इलाज कराने के लिए नगर के मोहल्ला संख्या तीन में एक झोलाछाप डॉक्टर के यहां ले गए। जहां डॉक्टर द्वारा इलाज में लापरवाही करते हुए उसको कोई गलत इंजेक्शन लगा दिया। जिसके बाद उसकी हालत और बिगड़ गई जिससे कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। महेंद्र की मौत के परिवार में कोहराम मच गया है। उसके छोटे-छोटे तीन बच्चे है। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी फूलवती ने इसकी सूचना थाना पुलिस को देकर कार्यवाही की मांग की है।

























