
- वेन्जी वीगास का नाम घोषित करना चुनावी रणनीति का हिस्सा
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गोवा की दोनों लोकसभा सीट साउथ और नॉर्थ पर AAP और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेगी। सप्ताह की शुरुआत में AAP ने साउथ गोवा की सीट पर दावेदारी ठोकी थी और उम्मीदवार का नाम भी घोषित किया था।
शुक्रवार (16 फरवरी) को AAP गोवा प्रमुख अमित पालेकर ने कहा कि I.N.D.I.A की सहयोगी AAP और कांग्रेस मिलकर गोवा में लोकसभा चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टी के बीच दरार नहीं है।
उन्होंने कहा कि साउथ गोवा से AAP प्रत्याशी वेन्जी वीगास का नाम घोषित करना चुनावी रणनीति का हिस्सा था। इसे I.N.D.I.A में फूट के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। विपक्षी पार्टियों के बीच वोटों के बंटवारे से बीजेपी को बढ़त मिलती है।
पालेकर ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारे वोट बरकरार रहें। हम वोटों को बंटने नहीं देंगे। यह गठबंधन (कांग्रेस और AAP) 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों के लिए भी जारी रह सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से गोवा में सीट बंटवारे पर चर्चा हुई है। फिलहाल यह नहीं बता सकता कि क्या चर्चा हुई। सही समय पर इसका खुलासा किया जाएगा। AAP कैडर I.N.D.I.A ब्लॉक का समर्थन करता है।
वर्तमान में गोवा साउथ से कांग्रेस नेता फ्रांसिस्को सरदिन्हा सांसद हैं।

I.N.D.I.A गठन के साथ बदली स्थिति
साल 2022 में गोवा के विधानसभा चुनाव के दौरान AAP ने कहा था कि कांग्रेस को वोट देना BJP को वोट देने जैसा है। इस सवाल पर अमित पालेकर ने कहा कि I.N.D.I.A के गठन से स्थिति बदल गई है। AAP के साथ आने से कांग्रेस को अपना गोल्डन टच वापस मिल गया है।
दिल्ली में कांग्रेस एक सीट और AAP 6 सीटों पर लड़े

13 फरवरी को AAP सांसद संदीप पाठक ने पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक के बाद INDIA ब्लॉक के साथ सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा की थी। संदीप ने कहा था कि योग्यता के आधार पर कांग्रेस पार्टी दिल्ली में एक भी सीट की हकदार नहीं है। हम गठबंधन धर्म को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव दे रहे हैं कि दिल्ली में कांग्रेस एक सीट और AAP 6 सीटों पर लड़े।
संदीप ने यह भी कहा कि सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पार्टी के साथ दो बैठकें हुईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके अलावा, पिछले 1 महीने में कोई बैठक नहीं हुई है। हम अगली मीटिंग का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं को भी अगली बैठक की जानकारी नहीं है। आज, मैं भारी मन से यहां बैठा हूं। हमने असम से तीन उम्मीदवारों की घोषणा की और मुझे उम्मीद है कि I.N.D.I.A गठबंधन उन्हें स्वीकार करेगा।
संदीप ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में 2019 लोकसभा चुनाव में जीरो सीट, विधानसभा में जीरो सीट, एमसीडी चुनावों में 250 में से सिर्फ 9 सीटें जीती हैं। उधर, AAP ने गुजरात में पिछले स्टेट इलेक्शन में वोट शेयर के अनुपात में 26 में से 8 लोकसभा सीटों की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें
पंजाब की 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी AAP
AAP ने पिछले महीने 24 जनवरी को ही ऐलान कर दिया था कि वह पंजाब की सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इसके लिए अंदरूनी तौर पर AAP ने पूरी तैयारी कर ली है। 13 लोकसभा सीटों पर 40 नामों की लिस्ट भी तैयार कर ली गई है। किसी सीट पर 2 तो किसी पर 4 विकल्प भी रखे गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
ममता ने कहा था- कांग्रेस 40 सीट भी नहीं जीत पाएगी

लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जनवरी 2024 में मुर्शिदाबाद में कहा था- मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस पार्टी को इतना अहंकार किस बात का है। मुझे नहीं लगता कि वो 300 में से 40 सीट भी जीत पाएगी। ममता ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले जहां-जहां जीतती थी, अब वहां भी हारती जा रही है। अगर उसमें हिम्मत है तो बनारस और प्रयागराज में भाजपा को हराकर दिखाए। पूरी खबर पढ़ें