होम राज्य उत्तर प्रदेश सड़क किनारे पेड़ से टकराया टेंपो, दो मजदूरों की मौत – बदायूँ...

सड़क किनारे पेड़ से टकराया टेंपो, दो मजदूरों की मौत – बदायूँ समाचार

सड़क किनारे पेड़ से टकराई टेंपो, दो मजदूरों की मौत

रहसराम का फाइल फोटो।

– बिल्सी-बदायूं मार्ग पर हुआ हादसा, टेंपो सवार आठ लोग घायल

– छत्तीसगढ़ से भट्ठे पर मजदूरी करने आए थे दोनों मजदूर

संवाद न्यूज एजेंसी

सिलहरी (बदायूं)। बिल्सी-बदायूं मार्ग पर शनिवार रात कुरऊ गांव के पास टेंपो पेड़ से टकरा गया। हादसे में रहसराम (40) और रामकिशन (40) की जान चली गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। मरने वाले मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ एक भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे।

हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। उस वक्त छत्तीसगढ़ प्रांत के जिला बड़ौदा बाजार के गांव खजुरिया निवासी रहसराम पुत्र जागन सिंह और इसी जिले के थाना कसडौल क्षेत्र के गांव चितपोल निवासी रामकिशन पुत्र खेदीराम आठ अन्य लोगों के साथ एक टेंपो से बिल्सी के गढ़ाैली वीरपाल के भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे।

दरअसल सभी लोग देर रात ट्रेन से बदायूं रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। वहीं से उन्होंने एक टेंपो बुक कर लिया था। घायल साथियों के मुताबिक शनिवार रात उनका टेंपो कुरऊ गांव के मोड़ पर पहुंचा ही था कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में रहसराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रामकिशन, बड़ौदा बाजार के गंगई गांव निवासी तेरस (50), उनकी बेटी गंगा (20), गंगोत्री (19), बेटा किशन (18), गांव चितपोल निवासी सुशीला (45) पत्नी राम किशन, उनका बेटा नीतेश (3), बेटा कामिनी (8), ग्राम सिमरिया निवासी गणेश्वरी (35) पत्नी अनिल कुमार घायल हो गए।

हादसे के बाद उन्होंने भरकुइया भट्ठे पर काम करने वाले अपने साथियों से संपर्क किया, जिससे वह मौके पर पहुंच गए और उनकी सूचना पर बाद में थाना पुलिस भी आ गई। तुरंत सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह रामकिशन ने दम तोड़ दिया।

थाना पुलिस ने दोनों मजदूरों के शवों का रविवार दोपहर पोस्टमार्टम करा दिया। हादसे के बाद टेंपो चालक का कुछ पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि मौके से भाग गया था। थाना पुलिस उसको तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here