होम राष्ट्रीय खबरें वाइस एडमिरल त्रिपाठी बने नौसेना के उपप्रमुख

वाइस एडमिरल त्रिपाठी बने नौसेना के उपप्रमुख

नयी दिल्ली, चार जनवरी (भाषा) वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को भारतीय नौसेना के उपप्रमुख का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने वाइस एडमिरल संजय जे सिंह का स्थान लिया।

उपप्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण करने से पहले वाइस एडमिरल त्रिपाठी नौसेना के पश्चिमी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र त्रिपाठी को एक जुलाई, 1985 को भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था।एक संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने सिग्नल संचार अधिकारी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध अधिकारी के रूप में नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर कार्य किया।

वाइस एडमिरल त्रिपाठी ने भारतीय नौसैनिक पोत विनाश, किर्च और त्रिशूल की कमान संभाली। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण परिचालन और कर्मियों की नियुक्ति से जुड़े पदों पर भी काम किया, जिनमें मुंबई स्थित पश्चिमी बेड़े में बेड़ा संचालन अधिकारी, नौसेना संचालन के निदेशक और दिल्ली स्थित नेटवर्क केंद्रित संचालन और नौसैनिक योजनाओं के प्रमुख निदेशक का पद शामिल है।

वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, पुणे से स्नातक हैं और उन्हें 1986 में नौसेना की कार्यकारी शाखा में नियुक्त किया गया था।उन्होंने भारतीय नौसेना के समुद्री सिद्धांत- 2009, परिवर्तन के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन- 2015 और भारतीय समुद्री सुरक्षा रणनीति-2015 को तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने 1992 में ‘नेविगेशन’ और निर्देशन में विशेषज्ञता हासिल की और 2000 में ब्रिटेन में ‘एडवांस्ड कमांड और स्टाफ कोर्स’ में भाग लिया।

त्रिपाठी को उनकी विशिष्ट सेवा के लिए ध्वज अधिकारी के रूप में 2009 में नौ सेना पदक से सम्मानित किया गया और 2020 में उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here