होम राज्य Dainik Bhaskar News Headlines; Ayodhya Ram Mandir Ram Lalla Invitation Cards |...

Dainik Bhaskar News Headlines; Ayodhya Ram Mandir Ram Lalla Invitation Cards | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-TMC में खींचतान; टेस्ट इतिहास का सबसे छोटा मैच, भारत जीता; PM मोदी का मुरीद हुआ चीन

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Ayodhya Ram Mandir Ram Lalla Invitation Cards

6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर विपक्षी गठबंधन के दो दलों कांग्रेस और TMC के बीच खींचतान से जुड़ी रही। एक खबर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच केप टाउन में खेले गए दूसरे टेस्ट की रही, जिसमें टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत हासिल की। हम आपको ये भी बताएंगे कि चीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ क्यों की है…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. राजस्थान की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव होगा। कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह के निधन के बाद यहां 25 नवंबर को वोटिंग नहीं हुई थी।
  2. जयपुर में 5 से 7 जनवरी तक डीजी-डीआईजी नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन होने जा रहा है। इसमें PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
  3. आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर के नेपाल दौरे का दूसरा दिन है। वे भारत-नेपाल जॉइंट कमीशन की मीटिंग में शामिल होंगे।
  4. अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इजराइल जाएंगे। इजराइल-हमास जंग शुरू होने के बाद ये उनका चौथा दौरा है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. सीट शेयरिंग पर कांग्रेस और TMC में खींचतान, अधीर रंजन बोले- ममता गठबंधन नहीं करना चाहतीं

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए ममता को कांग्रेस की जरूरत है, कांग्रेस अपने दम पर चुनाव जीत सकती है।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए ममता को कांग्रेस की जरूरत है, कांग्रेस अपने दम पर चुनाव जीत सकती है।

कांग्रेस ने TMC पर पश्चिम बंगाल की लोकसभा सीटों का ईमानदारी से बंटवारा न करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ममता इस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुशामद में लगी हैं। इसलिए वे गठबंधन की राजनीति नहीं करना चाहती हैं। दो दिन पहले जानकारी सामने आई थी कि ममता ने राज्य में कांग्रेस को दो सीटें देने की बात कही है। इसी के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है।

पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटें: 2019 के लोकसभा चुनाव में TMC ने 43% वोटों के साथ 22 सीटें जीती थीं। 2014 के चुनाव के मुकाबले पार्टी ने 12 सीटें गंवाई थीं। वहीं, भाजपा 18 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही। 2014 के चुनाव के मुकाबले भाजपा को 16 सीटों की बढ़त मिली थी। वहीं कांग्रेस सिर्फ दो ही सीटें जीत सकी थी।

विपक्ष में सीट शेयरिंग पर सहमति बाकी: 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबले के लिए कांग्रेस और I.N.D.I.A के 28 दलों के बीच सीट शेयरिंग बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। विपक्षी गठबंधन अब तक चार मीटिंग्स कर चुका है, लेकिन इसमें सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. राम मंदिर के निमंत्रण पत्र की पहली झलक, बॉक्स में अक्षत और बाल राम की तस्वीर भी

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण पत्र की पहली झलक सामने आई है। ये कार्ड 6 हजार से ज्यादा विशिष्ट अतिथियों को भेजे गए हैं। कार्ड के कवर पर प्रभु राम के बाल स्वरूप की तस्वीर है। इसके अंत में श्रीराम मंदिर की यात्रा का सारांश दिया गया है। निमंत्रण पत्र के बॉक्स में पीला अक्षत, वाहन पास, राम जन्मभूमि का इतिहास और कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम का विवरण: निमंत्रण पत्र में कार्यक्रम का समय के साथ विवरण है। अतिथियों के आने का समय सुबह 11:30 बजे रखा गया है। 11:30 से 12:30 बजे तक गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा होगी। 12:30 बजे से अतिथियों का भाषण होगा। फिर मंदिर में दर्शन शुरू हो जाएंगे।

डाक टिकट भी जारी होंगे: 22 जनवरी को PM नरेंद्र मोदी रामलला, शबरी और निषादराज के डाक टिकट भी जारी करेंगे। इनकी कीमत 50 रुपए होगी। इससे पहले 5 अगस्त 2020 को पीएम ने रामजन्मभूमि का डाक टिकट जारी किया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. भारत ने सा. अफ्रीका के खिलाफ दूसरा टेस्ट जीता, केप टाउन मैदान पर 7 विकेट से हराया

भारत ने केप टाउन में खेले गए दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 55 रन बनाए। वहीं भारत ने पहली पारी में 153 रन बनाए, जिससे टीम को 98 रन की बढ़त मिली। साउथ अफ्रीका अपनी दूसरी पारी में 176 रन ही बना सका और भारतीय टीम को 79 रन का टारगेट मिला, जिसे 12 ओवर में ही हासिल कर लिया गया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।

इतिहास का सबसे छोटा टेस्ट: ओवर फेंके जाने के लिहाज से ये इतिहास का सबसे छोटा टेस्ट मैच रहा, जो सिर्फ 642 गेंद यानी 107 ओवर में ही खत्म हो गया। इससे पहले सबसे छोटे टेस्ट का रिकॉर्ड 1932 में बना था। तब मेलबर्न में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट महज 109.2 ओवर चला था। इस मुकाबले में 656 गेंदें फेंकी गई थीं।

केप टाउन में भारत ने पहली बार टेस्ट जीता: केप टाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में भारत ने पहली बार कोई टेस्ट जीता। टीम ने यहां 7 टेस्ट खेले, भारत को 4 में हार मिली, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ भी रहे। भारत ने यहां पहला टेस्ट 1993 में खेला था। रोहित शर्मा केप टाउन टेस्ट जीतने वाले पहले एशियन कप्तान बने। केप टाउन में उनसे पहले अब तक कोई भी एशियन टीम टेस्ट नहीं जीत सकी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. PM मोदी का मुरीद हुआ चीन, ग्लोबल टाइम्स ने लिखा- मोदी की लीडरशिप में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत

चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने भारत की खुलकर तारीफ करते हुए उसे ताकतवर देश बताया है। ग्लोबल टाइम्स में साउथ एशियन स्टडीज के डायरेक्टर झांग जियाडोंग का एक आर्टिकल पब्लिश हुआ है। जिसमें उन्होंने लिखा है- भारत अब रणनीतिक रूप से ज्यादा विश्वास से भरा हुआ है और अपने ‘भारत नैरेटिव’ को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहा है।

दुनिया के लिए जरूरी है भारत: ग्लोबल टाइम्स के आर्टिकल में लिखा है- भारत दुनिया के लिए महत्वपूर्ण देश बन गया है। वह ग्लोबल ट्रेड, कल्चर, इकोनॉमी, पॉलिटिक्स समेत कई मामलों में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। पिछले 10 साल में मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने इन सभी क्षेत्रों में बेहतर दृष्टिकोण अपनाया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. MP और UP में बारिश के बाद सर्दी बढ़ी, 15 राज्यों में घना कोहरा, राजस्थान में पारा 1º तक गिरा

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। UP के मुजफ्फरनगर में तो पारा 4.3º तक पहुंच गया। राजस्थान के सीकर में पारा 1º तक पहुंचा गया है। माउंट आबू में भी तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है। इधर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम: मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में मिनिमम टेंपरेचर दो डिग्री या इससे कम हो सकता है। ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अलग-अलग इलाकों में आज सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आज पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है, उत्तर प्रदेश और बिहार में बादल छाए रहेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. केजरीवाल बोले- भाजपा मेरी गिरफ्तारी चाहती है, ताकि लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकूं
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला मामले में ED के समन को फिर गैर कानूनी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद जांच कराना नहीं है, बल्कि लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना है। केजरीवाल ने कहा कि किसी तरह का घोटाला नहीं हुआ है। अगर होता तो पैसा मिलता। ऐसे फर्जी केस में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को जेल में रखा गया है।

तीन समन के बाद भी पेश नहीं हुए केजरीवाल: दिल्ली शराब नीति केस में ED केजरीवाल को तीसरी बार समन भेज कर पूछताछ के लिए बुला चुकी है। हालांकि केजरीवाल पेश नहीं हुए। ये समन पिछले साल 2 नवंबर, 21 दिसंबर और फिर 3 जनवरी को भेजे गए थे।

मोहल्ला क्लिनिक फर्जीवाड़ा में CBI जांच होगी: दिल्ली में केजरीवाल सरकार की ओर से चलाए जा रहे मोहल्ला क्लिनिक में फर्जीवाड़े के आरोप लगे थे। मामले में उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने CBI जांच का आदेश दिया है। हेल्थ डिपार्टमेंट की जांच में सामने आया है कि यहां ऐसे मरीजों को लैब टेस्ट कराए जा रहे थे जो वास्तव में थे ही नहीं। इन्हें ‘घोस्ट पेशेंट’ कहा जाता है। ऐसा प्राइवेट लैब को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. इंडिगो का किराया ₹1000 तक घट सकता है, एयरलाइन ने फ्यूल चार्ज वसूलना बंद किया

इंडिगो एयरलाइंस टिकट्स के दाम हजार रुपए तक घटा सकती है। कंपनी ने टिकट्स पर फ्यूल सरचार्ज वसूलना बंद कर दिया है। ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतों की वजह से अक्टूबर 2023 में सरचार्ज लगाया गया था। जिसके तहत 300 से 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

इंडिगो 1900 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती है: इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमान है। एयरलाइन 81 डोमेस्टिक और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के लिए रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो के पास है।

दिसंबर में दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी: अक्टूबर में फ्यूल चार्ज लगाने से पहले इंडिगो के शेयर की कीमत 2400 रुपए के करीब थी, जो अब बढ़कर 3000 के करीब पहुंच गई है। यानी 3 महीने में स्टॉक करीब 25% बढ़ चुका है। शेयर में तेजी के कारण मार्केट कैप के हिसाब से इंडिगो 13 दिसंबर को दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: कांग्रेस ने भारत न्याय यात्रा का नाम बदला: इसे भारत जोड़ो न्याय यात्रा किया, पार्टी बोली- यह नाम ब्रांड बना (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: भगवान राम को मांसाहारी कहने वाले विधायक ने माफी मांगी: कहा- बोलते समय गलती हुई; बयान के खिलाफ भाजपा नेता ने पुलिस में शिकायत की (पढ़ें पूरी खबर)
  3. पॉलिटिक्स: कर्नाटक BJP का कैंपेन- मैं भी कारसेवक, मुझे भी गिरफ्तार करो: राम मंदिर आंदोलन के कारसेवक की गिरफ्तारी का विरोध; 31 साल बाद पुलिस ने अरेस्ट किया है (पढ़ें पूरी खबर)
  4. यूटिलिटी: माइक्रोसॉफ्ट ने 30 साल बाद कीबोर्ड में बदलाव किया: AI चैटबॉट कोपायलट के लिए अलग बटन दिया, इसे ऑल्ट-की के बगल में रखा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. सुप्रीम कोर्ट: निखिल गुप्ता को कानूनी मदद देने की याचिका खारिज: SC ने कहा- विदेशी कोर्ट का सम्मान करें; आतंकी पन्नू पर हमले की साजिश का आरोपी है निखिल (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: पूर्व भारतीय नौसैनिकों के पास अपील के लिए 60 दिन: कतर ने मौत की सजा को कैद में बदला था, सरकार परिवारों के संपर्क में (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: मालदीव की आजादी का सम्मान करे भारत, अपनी सेना हटाए: राष्ट्रपति मुइज्जू बोले- यही हमारे नागरिकों की इच्छा, इससे दोनों देशों के रिश्ते नहीं बिगड़ेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: UAE ने रूस-यूक्रेन में सबसे बड़ा प्रिजनर एक्सचेंज कराया: 230 यूक्रेनी और 248 रूसी घर पहुंचे; जंग में 48वीं बार कैदियों की अदला-बदली (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

महिला को मृत पति के स्पर्म निकलवाने की अनुमति मिली

तस्वीर ऑस्ट्रेलिया के सुप्रीम कोर्ट की है। कोर्ट ने दंपती की पहचान उजागर नहीं की है।

तस्वीर ऑस्ट्रेलिया के सुप्रीम कोर्ट की है। कोर्ट ने दंपती की पहचान उजागर नहीं की है।

ऑस्ट्रेलिया के सुप्रीम कोर्ट ने एक महिला को मृत पति के स्पर्म निकलवाने की अनुमति दी है। महिला की उम्र 62 साल है, लेकिन वह सरोगेसी के जरिए मां बनना चाहती है। द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2023 के अंत में महिला के पति की मौत हुई थी। लेकिन अस्पताल ने उसके पति के स्पर्म निकालने से इनकार कर दिया। जिसके बाद महिला ने अदालत में अपील की। दंपती के दो बच्चे एक्सीडेंट में मारे जा चुके हैं।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. राम मंदिर के लिए बलिदान देने वाले स्वयंसेवक की कहानी: पत्नी और 2 दूधमुंही बेटियों को छोड़कर गए थे अयोध्या, न अंतिम दर्शन, न अस्थियां घर पहुंचीं
  2. क्या इसी महीने लागू होगा CAA: नियम क्या हैं, मुस्लिम क्यों डरे, 4 साल से कैसे अटका; 8 सवालों के जवाब
  3. कभी नुपुर को डेट नहीं करना चाहती थीं आयरा: इमोशनल सपोर्ट मिला तो मानीं, इटली में किया था प्रपोज; कपल की नेटवर्थ 13 करोड़
  4. दरी बिछाने से वनवास तक शिवराज के 7 बयान: हाईकमान को क्या संदेश देना चाहते हैं पूर्व सीएम; अब तक तय नहीं भूमिका
  5. राजस्थान में सबसे अनोखी सुरंग, टाइगर-इंसान एक साथ गुजरेंगे: 4.9 किमी लंबे टनल के अंदर बन रहा 8 लेन का एक्सप्रेस वे, खर्च होंगे 1200 करोड़ रुपए
  6. डंकी रूट से अमेरिका जाने के लिए जेल मंजूर: लाशों के बीच से गुजरा, किडनैप हुआ; टॉयलेट का पानी पिया
  7. जयशंकर नेपाल में, नेपाली बोले- पहले जैसा प्यार नहीं रहा: नाकाबंदी-कालापानी के बाद अब करेंसी विवाद बड़ा मुद्दा, क्या सुधरेंगे हालात

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here