
2024 के पहले दिन ठंड और कोहरे के बावजूद कई राज्यों में लोग सुबह से ही जश्न मनाने निकल गए थे।
देश के उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6º सेल्सियस से कम रहेगा, जबकि दिल्ली, दक्षिण राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में 10º-12º डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने 5 से 11 जनवरी के बीच रात और दिन के तापमान में गिरावट होने की भी संभावना जताई है। जिसके कारण उत्तर भारत के कुछ राज्यों में शीत लहर चल सकती है।
विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर में बढ़ने की संभावना जताई है। जिसके चलते अगले 2 दिन लक्षद्वीप में भारी बारिश हो सकती है।

अरब सागर में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
IMD के मुताबिक अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके कारण कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और आसपास के दक्षिण पश्चिम अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मछुआरों से चेतावनी वाली जगहों पर समुद्र में जाने से मना किया गया है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
- ट्रैफिक – कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधान रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चैक कर लें।
- हेल्थ – जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है

चंडीगढ़: सुखना लेक में बोटिंग करते टूरिस्ट, यहां पिछले 3 दिनों से घना कोहरा छाया है।

दिल्ली: कर्तव्य पथ पर सोमवार शाम के समय धुंध छायी रही।