
आंबेडकर पार्क के पास अवैध स्टैंड पर खड़े टेंपो
बदायूं। शहर में पिछले कुछ दिनों से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। शहर के अधिकतर तिराहे-चौराहों पर अस्थायी वाहन स्टैंड बना लिए गए हैं। सड़क पर वाहन खड़ा करके सवारियों को बैठाया जा रहा है। आलम यह है कि कई स्थानों पर दोपहर के समय जाम तक लग जाता है।
वर्तमान में वॉटर वर्क्स रोड, गांधी ग्राउंड शिव मंदिर, परशुराम चौक, आंबेडकर पार्क, इंदिरा चौक, भामाशाह चौक समेत कई चौराहों पर व्यवस्था काफी खराब है। एक साल पहले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने यहां अभियान चलाकर अवैध स्टैंड हटाए थे। एवज में शहर में लालपुल, अनाज मंडी, घंटाघर और दातागंज तिराहे पर स्टैंड बनाए गए थे। उस दौरान चेतावनी भी दी गई थी कि अगर सड़क पर वाहन खड़ा करके सवारियों को बैठाया तो संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी और उसका वाहन सीज कर दिया जाएगा।
अम्बेडकर पार्क के सामने सबसे खराब हालात
जिला अस्पताल के सामने आंबेडकर पार्क के दोनों तरफ सुबह से लेकर शाम तक केवल वाहन ही खड़े दिखाई देते हैं जबकि यहां हर समय यातायात पुलिस कर्मी मौजूद रहते हैं। वन विभाग रोड पर तो अवैध स्टैंड बना लिया गया है। यहां पर एक नोएंट्री का बोर्ड भी लगा था लेकिन इन वाहनों के लगातार आने-जाने से वह बोर्ड भी लगभग टूट चुका है।
रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड के बीच मे वॉटर वर्क्स रोड अबैध टैक्सी स्टैंड
रोडवेज बस स्टैंड के नजदीक वॉटरवर्क्स रोड पर बनाया गया अस्थायी वाहन स्टैंड कभी खत्म ही नहीं हुआ। समय-ृसमय पर यहां से वाहन हटवाए जाते हैं और बड़े स्तर पर चालान भी किया जाते है लेकिन वर्तमान में यहां अस्थाई वाहन स्टैंड बना लिया गया है। यहां रोजाना वाहनों के खड़े होने से जाम लग जाता है।आम जनता का पैदल निकलना भी खतरे से खाली नहीं होता।
वाहन चेकिंग भी कर रही यातायात पुलिस
शहर से लेकर बिल्सी रोड पर गुराई गांव तक, इधर खेड़ा नवादा और बरेली रोड से आगे तक वाहन चेकिंग की जा रही है। दातागंज रेलवे क्रॉसिंग, उसावां, ककराला, कादरचौक रोड पर भी अधिकारी वाहन चेकिंग करते हैं लेकिन इससे शहर की यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिखता, यातायात पुलिस कर्मियों को शहर के बहार एंट्री मार्गों पर सुबह से शाम वाहन चैकिंग के नाम वसूली करते देखा जा सकता है,साथ ही भारी संख्या मे चालान भी काटते दिख जायेंगे लेकिन इससे शहर की यातायात व्यवस्था मे कोई सुधार होता नहीं दिखता है।
शहर के लिये ये है यातायात पुलिस बल
शहर में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, छह सबइंस्पेक्टर, 22 हेड कांस्टेबल, 19 कांस्टेबल, 46 होमगार्ड और 42 पीआरडी जवान यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। यह पूरी टीम यातायात सीओ के निर्देशन में काम करती है
पिछली बार हमने अभियान चलाया था। तब सब अवैध स्टैंड खत्म करा दिए थे। अगर वहां दोबारा स्टैंड बना लिए गए हैं तो फिर से अभियान चलाया जाएगा और वहां से वाहनों को हटवाया जाएगा। – आलोक मिश्रा, सीओ सिटी

वाटर वर्कस रोड पर खड़ीं अवैध टैक्सियां
अबैध टेम्पो व टैक्सी स्टैंड के चलते रोड पर ट्रैफिक जाम के हालात

























