दिल्ली: दिल्ली मीट मर्चेंट एसोसिएशन के महासचिव इरशाद कुरैशी ने दिल्ली में मांस और मछली बेचने वाले सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अयोध्या में राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के सम्मान में 22 जनवरी को अपनी दुकानें बंद रखें।
कुरेशी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि अपील के पीछे का मकसद दोनों समुदायों के बीच एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना और लोगों को एक साथ लाना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सभी बूचड़खानों के साथ-साथ मांस और मछली बेचने वाली दुकानों को अयोध्या में “प्राण प्रतिष्ठा” समारोह के लिए लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए दिन के लिए अपना कारोबार बंद रखने के लिए कहा गया है।
कुरैशी ने कहा, “हमने सभी बूचड़खानों और मांस और मछली विक्रेताओं से राम मंदिर उद्घाटन के अवसर पर हमारे हिंदू भाइयों और बहनों के उत्सव के प्रति सम्मान दिखाने के लिए 22 जनवरी को अपनी दुकानें बंद करने की अपील की है।”

























