बदायूँ।यूँ तो साइबर ठगी के किस्से रोजाना की बात हो गई है, इससे बचने के लिए लोग जैसे जैसे जागरूक हो रहे हैं तो साइबर ठग भी ठगी के नए आइडिया लेकर ठगी कर रहे हैं ऐसा ही एक नया मामला बदायूँ में सामने आया है ।जहां साइबर ठगों ने इस बार नया हथकंडा अपनाकर एक महिला से ठगी कर ली। ठगों ने उसे बहन बनाकर भावनात्मक रूप से फंसाया। फिर धीरे-धीरे कर नौ लाख रुपये ठग लिए।
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव नाधा निवासी विमला देवी को दो ठगों ने पहले भावनात्मक तरीके से बहिन बनाकर अपने जाल में फंसाया। मोबाइल पर ही भाई बन कर बहिन से लंबे समय तक बात करता रहा। जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि ठग उससे और रुपये ऐंठना चाहते थे, लेकिन बाद में दोनों की पोल खुल गई। महिला ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
निवासी विमला देवी कहना है कि उनके मोबाइल पर आकाश वर्मा और रवि शर्मा नाम के दो युवक कॉल करते थे। वह उनको बहन बुलाकर बात करते थे।वह अपने परिवार के संबंध में भी बात करते थे और उनके परिवार वालों की खैर खबर पूछते थे। जिसके चलते महिला को अपने पन एहसास होने लगा और वह भी उन्हें भाई मानने लगी।
निजी जरूरतें बताकर धीरे-धीरे नौ लाख रुपये ट्रांसफर कराए
उन्होंने भावनात्मक तरीके से महिला को अपने जाल में फंसा लिया था। इससे महिला भी उन्हें भाई मानने लगी थी। इस दौरान ठगों ने अपनी निजी जरूरतें बताकर महिला से रुपये लेने शुरू कर दिए। दोनों आरोपियों ने थोड़े-थोड़े करके महिला से नौ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। कुछ समय बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का अहसास होने लगा।
ठगों ने महिला से 6.50 लाख रुपये और मांगे लेकिन महिला ने रुपये देने से मना कर दिया। जब महिला ने अपने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी तो वह हैरान रह गए। बाद में महिला ने थाने जाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।

























