बेंगलुरु के एक शख्स पर 255 बार ट्रैफिक रूल्स तोड़ने के आरोप में 1.34 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किया और उसकी स्कूटी सीज कर दी। आरोपी की पहचान एलुमलाई के रूप में हुई है।
दरअसल, ट्रैफिक मैनेजमेंट सेंटर (TMC) ऐसे लोगों की तलाश कर रही थी, जिन्होंने कई बार ट्रैफिक रूल्स तोड़े हों। TMC ने शहर भर के पुलिस स्टेशनों से जानकारी मांगी। साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से 50 बार से ज्यादा ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वालों का पता लगाकर उनपर जुर्माना लगाने को कहा।
पुलिस की जांच में पता चला – एलुमलाई के नाम पर रजिस्टर्ड स्कूटी पर 255 चालान थे। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कैमरों में एलुमलाई और उसका बेटा करीब 50 बार बिना हेलमेट के स्कूटी चलाते नजर आए। इसके अलावा कई बार रेड सिग्नल से निकलने और गलत साइड पर ड्राइव करने की वजह से भी उनके चालान काटे गए।
इसके बाद पुलिस ने एलुमलाई को थाने बुलाया और उसे चालान के बारे में जानकारी दी। एलुमलाई ने बताया- मैंने बेटे के लिए स्कूटी खरीदी थी, जो डिलीवरी बॉय का काम करता है। मैं स्कूटी का इस्तेमाल बहुत कम करता हूं।
एलुमलाई ने स्पॉट फाइन के रूप में 10 हजार रुपए का भुगतान कर दिया। जिसकी एवज में पुलिस ने उसकी स्कूटी से 20 बार ट्रैफिक रूल्स तोड़ने के लिए किए गए चालानों का निपटारा कर दिया।

























