
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक ने बताया कि उसने अपनी बहन का निकाह आगरा के कागरौल निवासी एक युवक के साथ तय किया था। धूमधाम के साथ लगुन भी चढ़ा दी। निकाह के लिए कार्ड छप चुके हैं।11 जनवरी को बरात आने की तारीख मुकर्रर हुई थी, लेकिन अब लड़के पक्ष की ओर से इन्कार कर दिया गया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत में कहा है कि वह लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं।
मजबूरी में तय किया था निकाह
युवती के भाई ने बताया कि वह अपनी बहन का निकाह करने के लिए मजबूरी में राजी हुआ था। बताया कि करीब चार माह पहले आरोपी युवक अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। एक रात को वह अपने एक साथी के साथ उनके घर में घुस आया और बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। घरवालों के जागने पर दीवार कूद कर भाग गया था। तब पड़ोसी महिला ने निकाह कराने की बात कहते हुए कार्रवाई रुकवा दी थी। अब पड़ोसी महिला के ही भड़काने पर युवक ने निकाह करने से मना कर दिया है।

























